गढ़वाल के जंगलों में भड़की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। पौड़ी-श्रीनगर मार्ग में खंडाह श्रीकोट के जंगलों समेत जिले में कई स्थानों पर जंगल धू-धू कर जल रहे हैं। पौड़ी-श्रीनगर मार्ग में खंडाह श्रीकोट के सामने के चीड़ के जंगलों में कई जगहों पर बुधवार शाम से आग भड़की हुई हैं।
आग की चपेट में आने से कई हेक्टेयर क्षेत्रफल में वन संपदा जलकर राख हो गई है। पौड़ी-अद्वानी-डांडा नागराजा मोटर मार्ग में धनाऊ और बणगांव के समीप कई हेक्टेयर जंगल जलकर राख हो गए हैं।
पोखड़ा रेंज के दीवाडांडा समेत कई जगहों पर भयंकर आग लगी हुई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी ने बताया कि जंगलों में आग लगने से चारों धुआं ही धुआं फैला हुआ है। लोगों का सांस लेना मुश्किल बना हुआ है। डीएफओ रमेश चंद्र का कहना है कि कई जगहों पर बुझाने के बाद आग दोबारा भड़क रही हैं।
वीडीओ को करना होगा सहयोग
सिविल जंगलों में भड़की आग बुझाने में ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी सहयोग करना होगा। जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट ने सभी खंड विकास अधिकारियों को पंचायत वनों की अग्नि से सुरक्षा के लिए सहायक विकास अधिकारी की अगुवाई में सचल दल गठित करने के के निर्देश दिए हैं।
प्रत्येक दल में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, एक ग्राम विकास अधिकारी और दो पीआरडी जवानों को शामिल करें।