कोटद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारी सीजन और नवरात्र को देखते हुए बृहस्पतिवार को कोटद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुट्टू के आटे के चार नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल के आदेश के क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा ने खाद्य कारोबारियों को उच्च गुणवत्ता का कुट्टू का आटा और अन्य व्रत सामग्री ही बेचने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुट्टू के आटे की खरीद और बिक्री के बिल सुरक्षित रखने को कहा गया।
विभाग ने व्यापारियों को चेताया कि एक्सपायरी डेट वाले और गलत जानकारी वाले खाद्य पदार्थों का विक्रय या भंडारण न करें। खाद्य पदार्थों को निर्धारित एवं उचित तापमान पर ही रखने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे व्रत की सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेट पर दी गई जानकारी की जांच जरूर करें। खुले और मानकहीन खाद्य पदार्थों की खरीद से बचें तथा सामग्री खरीदते समय पक्का बिल लेना सुनिश्चित करें।