डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल देवरामपुर में हुआ उत्तराखंड लोक सांस्कृतिक उत्सव और कार्यशाला का आयोजन
कोटद्वार। एलायंस ऑर्गेनाइजेशन देहरादून की ओर से डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल देवरामपुर में उत्तराखंड लोक सांस्कृतिक उत्सव व कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में लोक कलाकारों ने लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज एवं संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कैप्टन सतीश चंद्र और विशिष्ट अतिथि प्रीतम पुंडीर ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की यह सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढि़यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहे यही हमारी सामूहिक जिम्मेदारी एवं सांस्कृतिक संकल्प है।
25 दिवसीय कार्यशाला के बाद आयोजित उत्सव की शुरुआत गढ़ वंदना से हुई। छपेली लोकनृत्य लाली हो पधानी लाली, लोकप्रिय नृत्य अल्या सारी, पल्या सारी ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। राकेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का निर्देशन और अंकित भट्ट ने नृत्य निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली। संचालन लोक कलाकार प्रमोद रावत ने किया।