राजकीय इंटर कॉलेज मोटाढांक स्थित मिनी स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत ओपन वॉलीबाल प्रतियोगिता रविवार को शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में फिट टू लीव क्लब ने सिद्धबली क्लब को हराया। प्रतियोगिता में यूपी और उत्तराखंड की 20 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
रोलर स्केटिंग एकेडमी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि पूर्व वॉलीबाल खिलाड़ी और बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य गिरिराज रावत ने किया। इसके बाद शुरू हुए उद्घाटन मैच में फिट टू लीव क्लब ने सिद्धबली क्लब को 2-1 से हराया। दूसरे मैच में काशीरामपुर क्लब ने मोटाढांक को 2-0 से पराजित किया। जबकि तीसरे मैच में मालिनी क्लब ने बीजे क्लब को 2-1 और चौथे मैच में रिखणीखाल ने जेपी क्लब को 2-1 से हराया। भाजपा भाबर मंडल महामंत्री गौरव जोशी ने बताया युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए खेलो इंडिया बैनर के तहत ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, पार्षद दीपक लखेड़ा, विवेकानंद, अनिल, हर्षवर्द्धन बिंजोला, चिराग कुकरेती, सुमित नेगी, विनोद रावत, आशु नेगी आदि मौजूद रहे।