कोटद्वार। विश्व मृदा दिवस पर भाबर के पश्चिमी झंडीचौड स्थित पंचायत घर परिसर में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी (सीएओ) ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी दिए।
बृहस्पतिवार को आयोजित गोष्ठी में जिला मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश यादव ने किसानों को विश्व मृदा दिवस और मिट्टी की जांच के महत्व के संबंध में बताया। उन्होंने बताया कि यह दिन विशेष किसानों को मिट्टी की जांच के प्रति जागरूक करने का दिन है। जांच से पता लगाया जा सकता है कि किस मिट्टी में किन-किन तत्वों की कमी है।
मुख्य कृषि अधिकारी ने मिट्टी की जांच कराने वाले किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। कई किसानों ने छोटे किसानों को राजस्व विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं दिलाने का मुद्दा उठाया।
मुख्य कृषि अधिकारी ने कहा कि लघु कृषक चाहे कितना भी छोटा हो, उसका खाता खतौनी में नाम है और परिवार के किसी व्यक्ति की सरकारी नौकरी नहीं है तो उस किसान को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। उन्हाेंने ब्लॉक प्रभारी को किसानों को 80 प्रतिशत छूट पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने केंद्र सरकार की किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
निवर्तमान पार्षद सुखपाल शाह की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में दुगड्डा ब्लॉक प्रभारी ओमनाथ, न्याय पंचायत प्रभारी विकास सैनी, शशि मोहन बिंजोला, राजेंद्र चौहान, नयन सिंह, बलवीर सिंह, प्रेम सिंह चौहान सहित कई किसान शामिल हुए।