संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। उत्तराखंड विकास समिति की जौनपुर में हुई बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। इस मौके पर सरकार पर कोटद्वार की योजनाओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित भूमि का खननकारियों द्वारा खुर्दबुर्द किया जाना प्रदेश सरकार की नाकामी को प्रदर्शित करता है। इसके लिए दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
समिति के अध्यक्ष जानकी बल्लभ मैंदोला की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा कि वर्ष 2010-11 से मेडिकल कालेज की कवायद चल रही है। वर्ष 2016 में कांग्रेस सरकार ने कलालघाटी के लछमपुर में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास कर इसकी चहारदीवारी बनाने का काम शुरू कराया। लेकिन इससे आगे काम नहीं बढ़ा। भाजपा सरकार ने भी जोरशोर से मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही, लेकिन पूरे पांच साल ऐसे ही निकाल दिए। आज हालात यह है कि चयनित भूमि भी खुर्दबुर्द हो चुकी है।
राज्य सरकार कोटद्वार के लिए स्वीकृत योजनाओं के प्रति गंभीर नहीं है। कहा कि विधानसभा अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक से मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर यहां अवैध खनन कर चहारदीवारी को नुकसान पहुंचाने के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करवानी चाहिए। चेतावनी दी गई कि जल्द इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो समिति जनसहयोग से आंदोलन शुरू करेगी। बैठक में संरक्षक जेएच नेगी, उपाध्यक्ष सावित्री रावत, सचिव विपुल उनियाल व दुर्गाप्रसाद दूबे समेत कई सदस्य मौजूद रहे।