यूथ कांग्रेस ने लॉकडाउन का फायदा उठाते हुए फेसबुक पर लोगों से आर्थिक सहायता के नाम पर वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को यूथ कांग्रेस के कोटद्वार विधानसभा इकाई के अध्यक्ष विजय रावत की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने सीओ अनिल जोशी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि फेसबुक पर आईडी हैक कर एक गिरोह द्वारा फेसबुक के माध्यम से जुड़े मित्रों से लॉकडाउन का फायदा उठाते हुए रुपयों की मांग की जा रही है, जबकि असली आईडी धारक को इस संबंध में जानकारी तक नहीं है। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी, वसीम, जुनैद, बॉबी बिष्ट, सूर्यमणि, मोहम्मद आरिफ, सुनील कुमार आदि शामिल रहे।