माल रोड पर नगर पालिका की ओर से बनाई जा रही पार्किंग से जिला अस्पताल के आवासीय परिसर में रह रहे परिवारों पर खतरा मंडराने लगा है। उन्होंने पार्किंग स्थल के खिलाफ आक्रोश जताया है। उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाकर शीघ्र ही नगर पालिका को सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए निर्देशित करने की मांग उठाई है।
बुधवार को जिला अस्पताल के दो दर्जन कर्मचारी सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। यहां पार्किंग स्थल के खिलाफ आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि पालिका की ओर से बनाए जा रहे पार्किंग से अस्पताल के तृतीय श्रेणी आवासीय भवनों पर खतरा मंडराने लगा है। पुश्ते की खुदाई से आने-जाने वाला मार्ग भी ढह गया है।
इससे रात की ड्यूूटी करने वाले कर्मियों को दिक्कत होती है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर नगर पालिका को शीघ्र ही सुरक्षा दीवार का निर्माण करने के लिए निर्देश देने की गुहार लगाई है।
इस मौके पर सिस्टर अंकिता सिंह, महेश्वरी, सुनैना, अर्चना, पूनम, जीडी आर्य, बीएस पंवार, शीशपाल सिंह, एपी मिश्रा, एमपी थपलियाल, रमेश शाह, अंकित चौहान, जनार्दन प्रसाद, नरेश नैनवाल, बिंजीलाल और पंकज रावत आदि थे। पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम का कहना है कि शनिवार से सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
16 परिवार वाले आवासीय भवन हो सकते हैं ध्वस्त
जिला अस्पताल के आवासीय परिसर में तृतीय श्रेणी कर्मचारी परिसर के ठीक नीचे माल रोड पर सत्तर वाहनों की पार्किंग के लिए करीब पच्चीस सौ वर्ग फीट में पार्किंग के लिए तीस फीट ऊंचे पुश्ते का कटान किया गया लेकिन पार्किंग कटान के साथ ही पालिका ने सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं किया। विगत दिनों से हो रही बरसात से पुश्ते की मिट्टी का कटाव जारी है। सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए कर्मचारियों ने जिलाधिकारी और पालिकाध्यक्ष से गुहार लगाई है।