कोटद्वार। यूकेडी कार्यकर्ताओं की बैठक में निकाय चुनाव में उत्तराखंड के हजारों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब करने और बूथ प्रबंधन में लापरवाही पर रोष जताते हुए निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई।शिब्बूनगर स्थित कार्यालय में हुई बैठक में यूकेडी के वरिष्ठ नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम गायब होने और बूथ प्रबंधन ठीक से नहीं होने के कारण चुनाव परिणाम बुरी तरह प्रभावित होंगे। योग्य प्रत्याशियों को चुनाव परिणाम में हानि होगी। जिसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।
कहा कि मतदाताओं की संख्या में वृद्धि के साथ ही डबल मतदान पत्रों गिनती गिनने के लिए बूथों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए थी, जिसे नजरअंदाज किया गया। कहा कि यूकेडी ने तीन माह पहले ही मतदाता सूचियों में मतदाताओं के नाम गायब होने की शिकायत प्रमाण सहित एसडीएम, नगर आयुक्त को लिखित और व्यक्तिगत रूप से कर दी थी।
इसके अलावा जिला अधिकारी पौड़ी गढ़वाल को भी सूचना भेजी गई थी। इसके बावजूद भी निर्वाचन से जुड़े हुए अधिकारियों ने जानबूझकर मतदाता सूची को ठीक न कर गंभीर अनियमितता और कानून की अवहेलना की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जैसे गंभीर विषय पर इस कद्र लापरवाही ने साबित कर दिया कि राज्य सरकार की प्रशासन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
बैठक में केंद्रीय महामंत्री सत्य प्रकाश भारद्वाज, हरीश द्विवेदी, सत्यपाल सिंह नेगी, पुष्कर सिंह रावत, मुकेश बड़थ्वाल, गुलाब सिंह रावत, भारत मोहन काला, विनोद चौधरी आदि ने विचार रखे।