पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने बुधवार को चिलरखाल-लालढांग मार्ग निर्माण की मांग को लेकर वन विभाग के चिलरखाल बैरियर पर धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने अपने घोषणा पत्र के अनुसार मार्ग का निर्माण नहीं कराया तो पूर्व सैनिक आंदोलन उग्र करने को बाध्य होंगे।
धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने तीन साल के कार्यकाल में अपने घोषणापत्र पर कोई काम नहीं किया और लगातार कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। कोटद्वार की लाइफ लाइन लालढांग-चिलरखाल मार्ग का निर्माण न होने से लोगों में निराशा है। यही हाल मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय स्कूल का भी है। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गोपालकृष्ण बड़थ्वाल को अन्ना हजारे टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। धरना प्रदर्शन करने वालों में सीपी डोबरियाल, सीपी धूलिया, अनूप बिष्ट, सुभाष कुकरेती, बलवान सिंह रावत, सुरेश रावत, शूरवीर सिंह खेतवाल, केएस नौगाईं, गोपाल सिंह नेगी, हरीश खुगशाल, गोविंद प्रसाद काला, दीपक बिष्ट, धन सिंह और देव सिंह अधिकारी आदि मौजूद रहे।