आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने का आह्वान
कोटद्वार। आस्था सीएलएफ राजखिल की वार्षिक आम सभा की बैठक ब्लॉक मुख्यालय द्वारीखाल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सीएलएफ की अध्यक्ष आशा देवी ने की। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने बैठक का शुभारंभ किया। बैठक में सीएलएफ पदाधिकारियों ने आस्था सीएलएफ और उससे जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। ग्रामोत्थान परियोजना और एनआरएलएम के माध्यम से संचालित गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
ब्लॉक प्रमुख बीना राणा और जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना और एनआरएलएम के तहत संचालित आजीविका गतिविधियों का लाभ उठाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और सामूहिक प्रयासों से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
सहायक प्रबंधक आजीविका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीएलएफ की वित्तीय प्रगति, विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने सुझाव दिए। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन कर उसका अनुमोदन किया गया। वार्षिक आम सभा में आस्था सीएलएफ से जुड़ी 150 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह नेगी, कुलभूषण, खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा रावत समेत ग्रामोत्थान परियोजना के सहायक प्रबंधक धनी लाल उनियाल और बीएमएम राम रतन तिवारी मौजूद रहे।