कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के अंतर्गत ग्रास्टनगंज में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात जंगल से आबादी क्षेत्र में पहुंचे हाथियों ने मस्जिद के समीप कोटद्वार-पाखरो मार्ग पर लगी सोलर स्ट्रीट लाइट को तोड़ दिया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर भेजा।
लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज अधिकारी विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि शनिवार रात एक बजे हाथियों का झुंड ग्रास्टनगंज क्षेत्र में पहुंच गया था। इस दौरान हाथियों ने मस्जिद के समीप सड़क किनारे लगी सोलर स्ट्रीट लाइट को तोड़ दिया। सूचना पर वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पटाखे फोड़कर व आग जलाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। रेंजर ने क्षेत्रवासियों से रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की। संवाद