लैंसडौन वन प्रभाग की लैंसडौन रेंज के भानकोट बीट के अंतर्गत बिलंगी गांव के ग्रामीणों को फतेहपुर-लैंसडौन मोटर मार्ग पर गांव के समीप हाथी दिखाई दिया। इसके बाद हाथी ने लोगों के चारापत्ती के पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। शोर मचाने के बाद भी जब हाथी नहीं भागा, तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना दुगड्डा व लैंसडौन रेंज के अधिकारियों को दी। सूचना पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने हाथी की तलाश की, लेकिन वन विभाग को हाथी कहीं नहीं दिखाई दिया। ग्रामसभा भानकोट के ग्राम प्रधान भास्कर बुड़ाकोटी, ग्रामीण कुलदीप सिंह, आकाश आदि का कहना है कि पहली बार हाथी गांव में पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी है। उन्होंने वन विभाग से वन सीमा से सटे इलाकों में हाथी सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है। वन बीट अधिकारी भानकोट विनोद कुमार लखेड़ा ने बताया कि वन कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। टीम हाथी की तलाश में जुटी है।