यहां एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने के कुंडल और नकदी लूटने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित वृद्धा का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ध्रुवपुर निवासी कमला देवी (65) ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे देवी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के अपने खाते से पांच हजार रुपये निकालकर बाहर आईं। वह बाजार की ओर बढ़ी तो उनके पीछे दो बदमाश चलने लगे। करीब पचास मीटर की दूरी के बाद उनके पीछे चल रहे बदमाशों ने उन पर कुछ छिड़का। इसके बाद वृद्धा ने अपनी सुध खो दी। उन्होंने बताया कि लुटेरों ने उन्हें कान के कुंडल और नकदी देने को कहा।
इस पर उन्होंने बेसुध अवस्था में वैसा ही किया। कहा कि लुटेरे उनकी बैंक की पासबुक और मूंगफलियां तक अपने साथ ले गए। जब वह होश में आई तो देखा कि बदमाश गायब थे। वृद्धा का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में बाजार पुलिस चौकी में भी शिकायत की, लेेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह जिमिवाल का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच की जाएगी।