कण्वघाटी/कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत ग्रोथ सेंटर सिडकुल सिगड्डी स्थित एल्डिको कंपनी के कर्मचारियों ने फैक्टरी प्रबंधन पर सरकार की ओर से बनाई गई नियमावली की अनदेखी करने और फैक्टरी में कार्यरत स्थानीय युवाओं के शोषण के विरोध में मंगलवार को फैक्टरी के गेट के समक्ष सांकेतिक प्रदर्शन किया।
मंगलवार को कर्मचारी कंपनी के गेट के समक्ष एकत्र हुए। यहां उन्होंने अरविंद नेगी व भैरव सेना के प्रदेश अध्यक्ष संदीप खत्री की अगुवाई में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि फैक्टरी प्रबंधन की ओर से फैक्टरी में उत्तराखंड सरकार की ओर से बनाई गई नियमावली की अनदेखी की जा रही है। ठेकेदार की ओर से स्थानीय युवाओं का शोषण किया जा रहा है। कर्मचारियों को न तो समय पर वेतन का भुगतान किया जा रहा रहा है और न ही पीएफ का लाभ मिल पा रहा है।
कर्मचारियों को श्रम मानकों के अनुसार वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। फैक्टरी कर्मचारियों के प्रदर्शन की सूचना पर ठेकेदार मनीष चौधरी मौके पर पहुंचे और उन्होंने श्रमिकों के साथ वार्ता की। उन्होंने कर्मचारियों की जायज मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। ठेकेदार से वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में भैरव सेना के प्रदेश महासचिव सौरभ जोशी, अनूप राजपूत, सौरभ पार्था, एल्डिको कंपनी के श्रमिक अजय नेगी, किशोर कुमार और राहुल गुसाईं आदि शामिल रहे।
.
फोटो समाचार
जारी
अशोक केष्टवाल