प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी ने अधिकारियों को पालिका परिसर में चल रहे चारों प्राइमरी स्कूलों के एकीकरण के निर्देश दिए हैं।
शहर में मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किए गए नगर पालिका प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच के उद्घाटन समारोह के मौके पर बोलते हुए जौनसारी ने कहा कि मॉडल विद्यालयों में जल्दी शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
इनमें इस शिक्षा सत्र से कक्षा एक से पठन- पाठन अंग्रेजी माध्यम से होगा। अगले साल से इन विद्यालयों में एलकेजी से कक्षाएं शुरू करने के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने डीईओ बेसिक को एक परिसर में चले रहे नगर पालिका प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच, छह, सात और नौ के एकीकरण करने के निर्देेश दिए। बताया कि वर्तमान में इन चाराें स्कूलों में मात्र 84 बच्चे पढ़ रहे हैं। जबकि चारों स्कूलों में अध्यापिकाएं हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का रुझान बढ़ाने के लिए इनमें शिक्षा का बेहतर माहौल बनाने की जरूरत है।
इस मौके पर डीईओ माध्यमिक हरेराम यादव, डीईओ बेसिक कुंवर सिंह रावत, पालिका सभासद नीलम रावत, अरविंद रावत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में बीईओ एसएस तोमर, जगदीश प्रसाद, प्रधानाचार्य सारिका रावत, सरोजनी मैठाणी आदि मौजूद थे। संचालन बीआरसी समन्वयक बिजेंद्र भट्ट ने किया।