कोटद्वार। लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ और वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की ओर से यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत दीउली और गैंडखाल क्षेत्र में मार्च निकाला गया। दीउली बाजार में कांग्रेसियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और लोकतांत्रिक मूल्यों व चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता के समर्थन में नारे लगाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। साथ ही उनके खिलाफ लगाए जा रहे नियमों और कानून के उल्लंघन के आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई। विकास नेगी ने कहा कि कांग्रेस का अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। कार्यकर्ता आम जनता के बीच पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करेंगे। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, प्रदेश सचिव रुचि कैंत्यूरा, जयपाल सिंह पयाल, उपेंद्र पयाल, नीरज पयाल, भगत सिंह पयाल, मदन रावत, सुमन पंवार, रघुवीर सजवाण, मनोज पयाल, शुभम ग्वाड़ी, संदीप कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।