ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ के आश्वासन पर माने, बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे छाए
कोटद्वार। बीडीसी बैठक में समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने रोष जताया। उन्होंने बैठक के बहिष्कार की चेतावनी दी। हालांकि बाद में ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ के आश्वासन के बाद जनप्रतिनिधियों ने बहिष्कार वापस लिया। बैठक में बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गई।
बीडीसी बैठक साझासैंण स्थित ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख सूरजपाल सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई जिसमें जौरासी के प्रधान चंडी प्रसाद कुकरेती ने सिमलना से मथाणा तक सड़क निर्माण की प्रगति और कण्वाश्रम-पौखाल मार्ग की स्थिति की जानकारी मांगी। प्रधान संघ अध्यक्ष सरदार सिंह नेगी ने दुगड्डा-पौखाल मार्ग पर कठूड़ बड़ा समेत अन्य स्थानों पर क्षतिग्रस्त पुश्तों की मरम्मत की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य बृजमोहन सिंह नेगी ने लोनिवि लैंसडौन के अधिकारियों को बैठक में उपस्थित कराने की मांग उठाई।
सिमलना बिचला के प्रधान प्रीतपाल सिंह ने भटकिल तोक में जीर्ण-शीर्ण बिजली के खंभे बदलने की मांग रखी। जल संस्थान और पेयजल निगम की चर्चा में जयगांव की प्रधान सुमन बिष्ट ने गंदे पानी की शिकायत करते हुए बोरिंग कराने की मांग की। ज्येष्ठ उपप्रमुख सुनील नेगी ने पेयजल समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने की अपील की। भेल्डा के प्रधान कुलदीप सिंह ने टूटे कनेक्शनों की मरम्मत, जबकि मोहरा की प्रधान सरिता रावत ने गांव में पेयजल समस्या दूर करने की मांग की।
बैठक में बीडीओ बीडी रतूड़ी, डीआरडीए के परियोजना निदेशक विवेक उपाध्याय, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी इंदू गोदियाल, एडीओ पंचायत जयदीप सिंह रावत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे। संचालन मनोज भट्ट ने किया।