कोटद्वार। नए साल के जश्न को लेकर जहां पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वहीं, नशे में धुत एक बाइक सवार युवक ने पटेल मार्ग पर जमकर उत्पात मचाया। युवक ने बाइक से कई वाहनों और लोगों पर टक्कर मारकर उन्हें घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को उसे पकड़ने में पसीने छूट गए। वह आम लोगों के साथ ही पुलिस से भी जमकर गाली-गलौच कर रहा था। पुलिस ने उसे किसी तरह पकड़कर सरकारी वाहन में बिठाया तो उसने सरकारी वाहन का शीशा भी तोड़ डाला। कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि युवक की पहचान विवेक बिष्ट निवासी घराट के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लोक संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। संवाद