कोटद्वार। श्री गुरु गोरखनाथ टैक्सी-मैक्सी कल्याण समिति से जुड़े वाहन चालकों ने नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से बिना चुनाव कराए स्वयं को समिति का पदाधिकारी घोषित कर समिति का नवीनीकरण कराने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से समिति का चुनाव कराने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार साक्षी उपाध्याय के माध्यम से उप निबंधक पौड़ी को ज्ञापन भेजा गया है।
ज्ञापन में वाहन चालकों ने कहा कि श्री गुरु गोरखनाथ टैक्सी-मैक्सी कल्याण समिति उप निबंधक, फर्म सोसायटी एवं चिट्स कार्यालय पौड़ी गढ़वाल से पंजीकृत की गई है। कहा कि उक्त संस्था में पदासीन पदाधिकारियों के नाम से कोई वाहन पंजीकृत नहीं हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि पदाधिकारियों द्वारा टैक्सी चालकों से संस्था के नाम पर 3,000 रुपये प्रतिमाह व 40 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से अवैध वसूली की जा रही है। इस दौरान धीर सिंह, जितेंद्र, सलमान, इरशाद, शाहरुख, करन सिंह, नईम आदि शामिल रहे।