चैलूसैंण-द्वारीखाल मोटर मार्ग पर खाई में गिरी कार।
- फोटो : KOTDWAR
लैंसडौन तहसील व द्वारीखाल ब्लाक के अंतर्गत चैलूसैंण द्वारीखाल मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर करीब दो सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह और राजस्व उपनिरीक्षक अब्दुल हमीद ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे भेंसुड़ तोक के ग्रामीणों ने एक कार के खाई में गिरने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस की टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से निकाला। मृतक कार चालक की शिनाख्त ग्राम सुराड़ी निवासी वीरेंद्र सिंह (38) पुत्र कमल सिंह के रूप में हुई है। राजस्व पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र सिंह अपनी कार से किसी काम से चैलूसैंण बाजार आ रहा था। कार करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरी थी, जबकि कार चालक का शव कार से छिटककर नीचे चला गया था। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।