कोटद्वार। ग्राम पंचायत पुलिंडा की बैठक में गांव की पेयजल समस्या पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों ने हट और होटलों को मौजूदा पेयजल लाइन से कनेक्शन देने का विरोध किया। मेन स्रोत से नई पेयजल लाइन बिछाने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही योजना को ग्रामसभा को हस्तांतरित करने की मांग की गई।
बुधवार को पंचायत भवन में ग्राम प्रधान दीपक सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। ग्राम प्रधान दीपक सिंह ने बताया कि ग्रामसभा में वर्तमान में 90 परिवार हैं। ग्रामीणों को धूराताल स्थित पेयजल स्रोत से लाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती है लेकिन पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल निगम की ओर से ग्रामसभा में बने 15 से 20 हट और होटलों को इसी पेयजल लाइन से नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि संबंधित विभाग पेयजल आपूर्ति के लिए मुख्य स्रोत से नई लाइन बिछाए और हट व होटलों को उसी नई लाइन से कनेक्शन दिए जाएं। ग्राम प्रधान ने कहा कि विभाग की ओर से हट और होटल स्वामियों को कनेक्शन देने के लिए ग्रामसभा पर दबाव बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने पेयजल योजना को ग्रामसभा को हस्तांतरित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि पूर्व में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन विभाग की ओर से मरम्मत के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। बैठक में कल्पना नेगी, महेश्वरी देवी, डीएस नेगी, देवेश्वरी देवी, पूनम देवी, वीरा देवी, हरपाल सिंह, कुलदीप, सुनील सिंह, प्रदीप सिंह, तारा देवी, गीता देवी, सतेश्वरी देवी आदि मौजूद रहे।