कोटद्वार। धनीष फार्म स्थित जल संस्थान के नलकूप की मोटर फूंकने से धनीष फार्म समेत चार क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से पेयजल संकट गहरा गया है। नलकूप की मोटर खराब होने से शनिवार शाम से पेयजल आपूर्ति बाधित है। विभाग की ओर से फिलहाल टैंकरों और आसपास के अन्य नलकूपों से वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की गई है।
धनीष फार्म निवासी बलवीर सिंह, जितेंद्र नेगी, नरेश सजवाण, पान सिंह नेगी आदि ने बताया कि धनीष फार्म स्थित नलकूप से धनीष फार्म, शिब्बूनगर, बलभद्रपुर और नयागांव क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति होती है। शनिवार सुबह क्षेत्र में पानी की आपूर्ति हुई थी, लेकिन शाम को नलकूप की मोटर फूंकने के बाद आपूर्ति बंद हो गई। रविवार सुबह भी पानी नहीं आने पर लोगों ने जल संस्थान के अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने नलकूप की मोटर फूंकने की जानकारी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण लोग घरों की टंकियों में पहले से जमा पानी से काम चला रहे हैं। उन्होंने मोटर जल्द बदलकर आपूर्ति सुचारू कराने और तब तक आसपास के अन्य नलकूपों से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
शनिवार को ऊर्जा निगम के ट्रांसफार्मर फूंकने के दौरान नलकूप की मोटर भी फूंक गई थी। मोटर बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार तक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। फिलहाल टैंकरों और अन्य नलकूपों से वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
-शूरवीर चौहान, जेई, जल संस्थान कोटद्वार