कलालघाटी में भीड़ ने पागल कुत्ते को डंडों से से पीटकर मार डाला
बेस अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए लगी रही लोगों की भीड़
कोटद्वार। कलालघाटी क्षेत्र में एक ही कुत्ते ने आठ लोगों को काटा। वहीं आसपास के क्षेत्रों में भी कुत्तों ने छह लोगों को काटा। राजकीय बेस अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए पीड़ितों की लाइन लगी रही। वहीं, पागल हो चुके आक्रामक कुत्ते को भीड़ ने डंडों से मार डाला।
मंगलवार को भाबर में कलालघाटी के उदयरामपुर क्षेत्र में एक कुत्ते ने देवेंद्र (36), रविंद्र (41), नरेंद्र (41), हर्ष (13) के अलावा श्याम कुमार, रेखा देवी समेत आठ राहगीरों को काटा। लोगों का कहना था कि पागल हो चुके कुत्ते ने आठ लोगों को काटा। इसके अलावा आसपास अन्य जगहों पर लावारिस कुत्तों ने तूसी (18), प्रमोद (42), देवेंद्र (60), मधु (39), लक्ष्मी (18), सोनाली (19) समेत कई राहगीरों को काटकर घायल किया।
मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में घायल लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए राजकीय बेस अस्पताल पहुंचे थे। घायलों का कहना था लावारिस कुत्तों से बचकर निकलना मुश्किल हो गया है। कुछ जगहों पर कुत्तों के झुंड काफी खतरनाक हो चुके हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना था कि कलालघाटी में एक के बाद एक कई राहगीरों को काटकर घायल कर रहे पागल कुत्ते को भीड़ ने लाठियों से मार डाला। लोगों का कहना है कि यदि पागल कुत्ते को मारा नहीं जाता तो वह अन्य कई लोगों पर हमला करता। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को उससे खतरा बन गया था।