पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक मिलन कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनते ब्रिगेडियर केबी चंद।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर कृष्ण बहादुर चंद (रिटा.) ने शनिवार को पालिका सभागार में पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनीं और उनको अपने-अपने गांव आबाद करने को कहा। कहा पलायन से कुछ हासिल नहीं हो रहा।
ब्रिगेडियर चंद ने कहा कि पहाड़ खाली हो रहे हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वे अपने खेत बंजर नहीं छोड़ें। जंगली जानवरों और पक्षियों से अपनी फसलों, सब्जियों की सुरक्षा खुद करें। चंद ने कहा कि वे आज क्षेत्र की जानकारी लेने और मेल-मिलाप के लिए आए हैं। गढ़वाल-कुमाऊं की भौगोलिक परिस्थितियों और समस्याओं को जानने के लिए प्रदेेशभर में दौरा कर रहे हैं। संचालन मेजर करन सिंह रावत (रिटा.) ने किया।
पूर्व सैनिकों ने उठाई समस्याएं
पौड़ी। ब्रिगेडियर बीके चंद (रिटा.) के समक्ष पूर्व सैनिकों ने तमाम समस्याएं उठाईं। पूर्व सैनिक आ.कै. मातवर सिंह नेगी ने हाउस टैक्स सैनिक कल्याण विभाग की ओर से जमा किया जाता है। कहा कि टैक्स सैनिक कल्याण विभाग को ही दिया जाए। उन्हें पकड़ाने से भ्रम की स्थिति रहती है। नेगी ने उपनल के सभी पद जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से भरे जाने की मांग की। आ.कै. राजेंद्र सिंह गुसाईं ने सीएसडी कैंटीन का अपना भवन नहीं होने का मामला उठाया। कहा कि किराए के भवन में जगह नहीं होने के कारण सामान रखने में दिक्कत होती है। सूबेदार ओमप्रकाश काला (रिटा.) ने पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य केंद्र (ईसीएचएस) का मामला उठाया। कहा कि केंद्र किराए के भवन में चल रहा है। जगह कम होने के चलते यहां पर एक्स-रे मशीन नहीं चल पा रही है। इस दौरान राजेंद्र सिंह रावत, राजेंद्र सिंह राणा आदि पूर्व सैनिक उपस्थित थे।