एसडीएम ने किया पेट्रोल पंप और राशन की दुकान का निरीक्षण
राशन की दुकान पर नहीं मिली शिकायत पंजिका
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने शुक्रवार को पूर्ति निरीक्षक के साथ क्षेत्र में संचालित सरकारी सस्ता गल्ला प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राशन की दुकान पर रिकॉर्ड प्रबंधन में कमी पाए जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। वहीं पेट्रोल पंप पर मानकों की स्थिति संतोषजनक मिली। एसडीएम ने बिना हेलमेट पहने आने वाले चालकों को पेट्रोल-डीजल न देने के निर्देश दिए।
एसडीएम संदीप कुमार ने सबसे पहले शिब्बूनगर स्थित मातवर सिंह रावत की सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान पर पहुंचे। इस दौरान विक्रेता से पूर्व में किए गए निरीक्षणों की पंजिका मांगी गई जिसे वह मौके पर उपलब्ध नहीं करा सके। विक्रेता ने कहा कि पंजिका पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में जमा है हालांकि बाद में शिकायत पंजिका पेश की गई जिसमें पुरानी शिकायतें दर्ज थीं। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक संजना को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से दुकानों का निरीक्षण करें। राशन वितरण में गड़बड़ी या लापरवाही मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बाद प्रशासन की टीम देवी रोड स्थित केदार फिलिंग स्टेशन पहुंची। यहां सब मानकों के अनुरूप मिले। वहीं पेट्रोल और डीजल की माप की सघनता से जांच की गई जो सही मिली। उन्होंने पंप संचालक को निर्देश दिए गए कि नो हेलमेट, नो पेट्रोल की नीति का पालन करें। बिना हेलमेट आने वाले वाहन चालकों को ईंधन न दिया जाए। साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।