निर्माण से ज्यादा भुगतान करने पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गेंवाली गांव में निर्माणाधीन मोटर पुल में लगातार हो रही देरी पर डीएम नितिका खंडेलवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने पुल निर्माण कार्यों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
बीते नौ अप्रैल को डीएम ने गेंवाली गांव का दौरा किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुल में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रहे पुल का निर्माण पिछले दो वर्षों से चल रहा है लेकिन महीनों से कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते वर्ष आई आपदा में पुल पर किया गया कुछ निर्माण कार्य बह गया था। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने बिना कार्य पूर्ण हुए ही संबंधित ठेकेदार को भुगतान कर दिया। पुल निर्माण की धीमी प्रगति और विभागीय लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एसडीएम घनसाली अलकेश नौटियाल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में ईई लोनिवि घनसाली और ईई सिंचाई खंड टिहरी को सदस्य बनाया गया है। डीएम ने समिति को पूर्व में हुए कार्यों की गुणवत्ता, वित्तीय भुगतान और पूरी प्रक्रिया की गहन जांच कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।