सतपुली/लैंसडौन/कोटद्वार। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सिलसिले में लैंसडौन पहुंचीं जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस.भदौरिया ने सतपुली में निर्माणाधीन झील व एंगलर हट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैराज का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को झील निर्माण की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने लैंसडौन के टिप इन टॉप पर टेलीस्कोप लगाने के निर्देश जिला पर्यटन अधिकारी को दिए।
सोमवार शाम को लैंसडौन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को हेलिकाॅप्टर से पहुंचना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका हेलिकाॅप्टर लैंसडौन में नहीं उतर सका। सीएम के कार्यक्रम के लिए पहुंची जिलाधिकारी ने वापसी के दौरान सतपुली में झील निर्माण, पर्यटन विभाग व साहसिक खेल से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। एंगलर हट सतपुली के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हटों के संचालन के लिए शीघ्र ही नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। एंगलर हट में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के सृजन के प्रस्ताव प्रस्तुत करने को भी कहा। उन्होंने सतपुली में निर्माणाधीन पार्किंग व 40 बेड के टूरिस्ट रेस्ट हाउस की प्रगति की जानकारी ली और निर्माणदायी संस्था को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को लैंसडाैन के टिप इन टॉप पर मचान निर्माण के लिए स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। कहा कि मचान के ऊपर टेलीस्कोप लगाया जाएगा।
इस मौके पर सतपुली के एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता संदीप कुमार मौर्य, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।