जल संचय जीवन संचय का स्लोगन देने वाला जलसंस्थान खुद ही पेयजल की बचत में लापरवाह बना हुआ है। एक ओर जहां कोटद्वार-भाबर क्षेत्र में पेयजल किल्लत से लोग परेशान हैं, वहीं कोटद्वार की सड़कों पर बेकार बह रहा पानी विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोल रही है।
देवी रोड-पदमपुर मार्ग पर गुरुरामराय स्कूल के पास विगत दो दिनों से पाइपलाइन लीकेज है। इसके कारण पानी सड़क पर बह रहा है। लोग बार-बार विभाग को शिकायत कर रहे हैं लेकिन विभाग मामले में लापरवाह बना हुआ है। स्थानीय नागरिक ओमप्रकाश मैंदोला, अंकित डबराल, रविंद्र सिंह बिष्ट, दीपक कुमार ने विभाग पर पानी की आपूर्ति में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि दो दिन से पानी सड़क पर बह रहा है। अधिकारी दिनभर में मार्ग से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें बेकार बहता हुआ पानी नजर नहीं आ रहा है। पाइपलाइन लीकेज के कारण प्रेेशर कम आ रहा है इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लीकेज से सड़क खराब होने की संभावना बनी हुई है, वहीं गौतम लेन के रास्ते में पानी जमा होने के कारण कॉलोनीवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शीघ्र पाइपलाइन लीकेज को बंद नहीं किए जाने पर अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता ओपी बहुगुणा ने बताया कि पदमपुर रोड पर पाइपलाइन में लीकेज की जानकारी नहीं है। कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा।