कोटद्वार। बारिश के बाद नगर और आसपास के क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में सूर्यदेवता के दर्शन नहीं हुए हैं। स्थिति यह है कि लोग दोपहर में भी अलाव के सहारे अपने कामकाज निपटा रहे हैं। कोहरे का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और छोटे बच्चों में दिख रहा है।
पिछले तीन दिनों से पूरा क्षेत्र कोहरे के आगोश में है। शुरू के दो दिन तो कुछ क्षणों के लिए सूर्यदेव के दर्शन हुए भी, लेकिन बुधवार को दिनभर कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। लोग अलाव के सहारे अपना काम काज निपटा रहे हैं। कोहरे के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों और छोटे बच्चों पर पड़ रहा है।
अभिभावक अपने छोटे बच्चों को रजाई से कम ही बाहर निकलने दे रहे हैं। अत्यधिक सर्दी के कारण बुजुर्गों का अधिकांश समय रजाई में ही कट रहा है। कोहरे के कारण दुगड्डा और डाडामंडी बाजार में भी सामान्य दिनों से कम भीड़ रही। दोपहर तीन बजे के बाद दोनों कस्बाई बाजारों में सन्नाटा पसर गया था।