मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को थलीसैंण ब्लॉक के उफरैंखाल में गढ़कुमाऊं महाविद्यालय का शुभारंभ किया। जनसभा में सीएम ने थलीसैंण ब्लॉक के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उफरैंखाल एवं आसपास के दूरस्थ इलाकों के ग्रामीणों को दिल्ली जाने के लिए तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, लिहाजा दिल्ली-पीरधूनी (उफरैंखाल) के बीच रोडवेज की सीधी बस सेवा जल्द शुरू कराई जाएगी। इससे यहां के निवासियों को दिल्ली जाने के लिए बसों को बदलने की दिक्कतों से छुटकारा मिल सकेगा।
उन्होंने बुंगीधार के लिए 108 सेवा की भी घोषणा कर कहा कि यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए सरकार वचनबद्ध है। बिजली संबंधी दिक्कतों के हल को उफरैंखाल में एसडीओ विद्युत का आफिस खोलने और जीआईसी मैदान के समतलीकरण के लिए पांच लाख की धनराशि देने की भी उन्होंने घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मासौं इंटर कालेज में दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने जीआईसी बुंगीधार और बगवाड़ी में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जीआईसी उफरैंखाल में विधायक निधि से दो अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण होगा।
इस दौरान विधायक गणेश गोदियाल, क्षेत्र प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र रावत, थलीसैंण विकास खंड प्रमुख शिव सिंह गुसाईं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, थलीसैंण कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अमर सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट, सीडीओ डा. विजय कुमार जोगदंडे, एसएसपी निवेदिता कुकरेती कुमार, एडीएम रामजीशरण शर्मा, एसडीएम थलीसैंण माया दत्त जोशी, तहसीलदार थलीसैंण देवी दत्त कापड़ी आदि मौजूद रहे।