कोटद्वार। वायरल के बाद अब शहर में डेंगू ने दस्तक दे दी है। भाबर के किशनपुर में डेंगू का मरीज मिला है। डेंगू पीड़ित समेत वायरल से गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को बेस अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है।
कोटद्वार भाबर के किशनपुरी क्षेत्र में 36 वर्षीय पुरुष में डेंगू की पुष्टि हुई है। पीड़ित को बेस अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। डेंगू वार्ड में वायरल बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित मरीज भी भर्ती किए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से बेस अस्पताल में वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई थी। ओपीडी में हर दिन 50 से अधिक मरीज बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द, गले में दर्द समेत कई समस्याएं लेकर पहुंच रहे थे।
बीते करीब एक माह से मरीजों में डेंगू के लक्षणों की पुष्टि के लिए रैपिड जांच भी कराई जा रही थी। अब तक मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ रही थी। अब रैपिड जांच रिपोर्ट के पॉजिटिव आने पर एलाइजा जांच में पुष्टि हुई है। डेंगू से बचने के लिए चिकित्सक पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, अपने आसपास पानी एकत्र न होने देने, मच्छरदानी में सोने अथवा मच्छरों से बचाव का उचित प्रबंध करने, बुखार होने पर तुरंत जांच कराकर समय से उपचार लेने की सलाह दे रहे हैं।