काशीरामपुर तल्ला के अनूप बिहारी कालोनी में एक माह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर बुधवार को लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा कि पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में जल्द स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कराने की मांग की। अधिशासी अभियंता ने जल्द क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने का भरोसा दिया।
बुधवार को काशीरामपुर तल्ला के लोग गिंवई स्रोत स्थित जल संस्थान कार्यालय पहुंचे और पार्षद सूरज प्रसाद कांति के नेतृत्व में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में विगत एक माह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। ऐसे में स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की गई फिर भी समस्या जस की तस है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभिषेक वर्मा ने जल्द पेयजल लाइन चेक कराने और वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर क्षेत्र में टैंकर से पेयजल आपूर्ति करने का भरोसा दिया। प्रदर्शन करने वालों में ममता, पार्वती, जशोदा, राखी, रामवीर, शैला नेगी, मालती रावत, आशा देवी, संगीता देवी, गीता देवी और रेखा रमोला आदि शामिल रहे।