कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के वार्ड नंबर-30 नंदपुर के लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर पर संपर्क सड़क निर्माण कार्य में व्यवधान डालने का आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए मार्ग का डामरीकरण करवाने की मांग की है। उन्होंने इस मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
सोमवार को भाबर क्षेत्र के वार्ड नंबर-30 नंदपुर के लोग तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर लोगों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि मोटाढांक-मवाकोट मार्ग के मध्य एवं होलीफेथ स्कूल के नजदीक दाईं ओर 16 फीट चौड़ी और करीब 300 मीटर लंबी कच्ची सड़क है। इस सड़क पर 15 से 20 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने सड़क के डामरीकरण के लिए कई प्रस्ताव भेजे और उन पर स्वीकृतियां भी मिलीं, लेकिन प्रॉपर्टी डीलर की ओर से सड़क निर्माण कार्य में अनावश्यक रूप से व्यवधान डाला जा रहा है। कहा कि मार्ग कच्चा होने से बरसात में लोग जलभराव से परेशान हैं। लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मार्ग के डामरीकरण की स्वीकृति प्रदान करने और मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं का समाधान करने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में अंजना रावत, भागेश्वरी देवी, सुमति देवी, लक्ष्मी देवी, किरन बलूनी, कांति देवी, संगीता देवी, कविता देवी, सरोजनी देवी, सुधा, किरन देवी, किरन बलूनी, संगीता, पंकज रावत, संजय कुमार, लक्ष्मण प्रसाद काला, राजेंद्र सिंह रावत, सुरेश चंद्र काला, हरीश चंद्र काला, बृजमोहन सिंह रावत, बीरेंद्र सिंह, सते सिंह रावत, विनोद सिंह रावत, विजय सिंह रावत, राजेंद्र सिंह नेगी, विक्रम सिंह रावत व सुमंत बलूनी आदि शामिल रहे।
-फोटो