कोटद्वार। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की ओर से की जा रही वर्चुअल रैली के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। उधर, यूथ कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बिहार में वर्चुअल रैली के विरोध में कोटद्वार महाविद्यालय के गेट के समक्ष धरना दिया।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता स्व. चंद्रमोहन सिंह नेगी स्मृति पार्क में एकत्र हुए। वक्ताओं ने भाजपा पर पीएम केयर फंड का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। देश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। कोरोना संक्रमितों के टेस्ट तक नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन भाजपा करोड़ों रुपये की लागत से वर्चुअल रैली कर पैसा बर्बाद रही है।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, नगर महिला अध्यक्ष शकुंतला चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय नारायण सिंह, वीडी नवानी, विनोद नेगी, हेमचंद्र पंवार, बलवीर सिंह रावत, चंद्रमोहन सिंह रावत, नरेंद्र सिंह नेगी मौजूद थे।
उधर, यूथ कांग्रेस के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय गेट के समक्ष धरना दिया। धरना देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी, महासचिव अतुल डोबरियाल, यूथ कांग्रेस के नगर महामंत्री सूर्यमणि, पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष बॉबी बिष्ट व अदनान आदि शामिल रहे।