लैंसडौन में विधायक दिलीप रावत को ज्ञापन सौंपते लोग।
- फोटो : KOTDWAR
लैंसडौन शहर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए अब लोगों ने मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को नगर वासियों ने क्षेत्रीय विधायक दिलीप रावत को ज्ञापन सौंपकर लैंसडौन को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का प्रस्ताव कैबिनेट में पारित कराने की मांग की।
इस अवसर पर लोगों ने कहा कि हिमाचल की छावनी को राज्य सरकार द्वारा रक्षामंत्री को दिए गए प्रस्ताव के तहत नगर पंचायत का दर्जा दे दिया गया है। इसी तरह से रानीखेत व लैंसडौन को भी छावनी क्षेत्र के दायरे से अलग करने की मांग वर्षों पुरानी है। कैबिनेट प्रस्ताव के लिए वे सरकार पर दबाव बना कर जनता को छावनी के जटिलतम परिस्थितियोें से बचाने के लिए उनकी मदद करें।
एक अन्य मांग में नगरवासियों ने परिवहन के गैर जिम्मेदार रवैये की तरफ उनका ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि परिवहन निगम की दोषपूर्ण कार्य प्रणाली के चलते देहरादून से लैंसडौन बस सेवा और देहरादून से धुमाकोट के लिए चल रही बस सेवा के समय में एक घंटे का अंतर था, लेकिन अब दोनों का समय एक कर दिया गया है। जिसके यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोनों बसों का समय पूर्व की भांति करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में भाजपा के मीडिया प्रभारी मुकेश अग्रवाल, भुवनेश्वर खंडेलवाल, हितेश शर्मा, अजय अग्रवाल, अजेंद्र रावत, चंडी प्रसाद आदि शामिल रहे।