कोटद्वार। नगर की एक सामाजिक संस्था में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे दिल्ली के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव दिल्ली से पहुंचे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेस अस्पताल में दिल्ली के करोलबाग निवासी राधेश्याम अग्रवाल ने बताया कि उनके भतीजे जय अग्रवाल (28) पुत्र राजेंद्र कुमार अग्रवाल की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं रहती थी। वह अचानक ही घर से कभी भी कहीं भी चला जाता था। उसके पीछे परिजन परेशान रहते थे। उन्हें कोटद्वार की एक सामाजिक संस्था के संबंध में जानकारी मिली थी। जय अग्रवाल पिछले दो महीनों से संस्था में रह कर स्वास्थ्य लाभ ले रहा था। यहां अचानक उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जय अग्रवाल का शव दिल्ली से पहुंचे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। संवाद