कोटद्वार। कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर नगर क्षेत्र की सीवर लाइन के चैंबर गहरे और जर्जर होने से राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे थे। बृहस्पतिवार को सीवर लाइन के चैंबर की मरम्मत का काम किया गया।
नगर क्षेत्र के गंदे पानी की निकासी के लिए बनी सीवर लाइन पुरानी हो चुकी है। यह तो आमजन के लिए समस्या बनी ही है। सीवर लाइन के चैंबर भी राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। हाईवे के डामरीकरण के बाद चैंबर गहरे हो गए थे। जिससे राहगीर एवं दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे थे। आखिरकार कोटद्वार जल संस्थान ने समस्या की सुध ली और बृहस्पतिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं नगर निगम के प्रेक्षागृह के बीच दो जगहों पर चैंबराें की मरम्मत कराई।
इस दौरान हाईवे का यातायात आंशिक रूप से बाधित हुआ। वहीं, दोनों नए चैंबर को सड़क से कुछ ऊंचा कर बनाया गया है। पहले चैंबर के गहरे होने से दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे और पैदल राहगीर गिर रहे थे। अब चैंबरों को ऊंचा बनाने से भी स्थिति चिंताजनक बनी है।