गुमखाल-सतपुली के बीच भारी बारिश से संवेदनशील बनी पहाड़ी, वैकल्पिक मार्ग से करनी पड़ी आवाजाही
सतपुली/कोटद्वार। सोमवार सुबह भारी बारिश होने के कारण गुमखाल और सतपुली के बीच बैरगांव में बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हाईवे बंद होने की सूचना के बाद लोगों को वैकल्पिक मार्गों से सतपुली व कोटद्वार आवाजाही करनी पड़ी। सूचना पर एनएच प्रशासन ने पोकलेन व जेसीबी मशीनें लगाकर मार्ग से मलबा हटाकर आवाजाही शुरू करवाई।
सोमवार को भारी बारिश के कारण सुबह के समय नेशनल हाईवे पर गुमखाल व सतपुली के बीच बैरगांव में पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई। हाईवे बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्ग जयहरीखाल-मैंदोली व सिसल्डी-कांडाखाल होते सतपुली व कोटद्वार आवाजाही करनी पड़ी। जो लोग बैरगांव तक पहुंच गए थे। उन्होंने वापस लौटने के बजाय मार्ग खुलने का इंतजार करना ही ठीक समझा। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट के एई खुशवंत शर्मा ने बताया कि सुबह तड़के हुई बारिश से बैरगांव के समीप पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा था, जिसके कारण मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। यहां पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसलिए मौके पर मौजूद मशीनों से मलबा हटाकर मार्ग पर सुबह साढे़ नौ बजे तक आवाजाही शुरू करवाई गई।