श्रीनगर (ब्यूरो)। जंगलों की आग से बचकर पानी की तलाश में निकले घायल गुलदार ने श्रीकोट के खंडहरों में दम तोड़ दिया। गुलदार के सिर, पैर व पीछे गहरे घाव थे। इस नर गुलदार की उम्र करीब ढाई साल बताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही गुलदार की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे कुछ लोगों ने जंगल की ओर से एक गुलदार को घिसटते-घिसटते बस्ती की ओर आते हुए देखा। गुलदार जिस क्षेत्र से आ रहा था, वहां जंगल में भीषण आग लगी हुई थी। गुलदार बस्ती के समीप आते ही एक खंडहर में जा गिरा, इसकी सूचना लोगों ने वन विभाग को दी। वन विभाग के कर्मी व स्थानीय लोग जब खंडहर में पहुंचे तो देखा कि गुलदार मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। वन क्षेत्राधिकारी आशीष डिमरी ने बताया कि गुलदार के गले, पैर व पीछे गहरे घाव थे। मामला प्रथम दृष्ट्या आपसी संघर्ष का लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि घायल गुलदार जंगलों की आग से बचते हुए पानी की तलाश में आया होगा, लेकिन पानी नहीं मिलने व गंभीर रूप से घायल होने से गुलदार ने दम तोड़ दिया।