नगर क्षेत्र के एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने फोन पर खाता और एटीएम की जानकारी हासिल कर खाते से 28 हजार उड़ा लिए। ठग ने पीड़ित को एटीएम सर्विस बंद होने का हवाला देकर एटीएम पिन कोड और ओटीपी हासिल कर 27,999 रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। पीड़ित ने पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी है।
पदमपुर मोटाढांक निवासी धीराज सिंह पयाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर बैंक खाते और एटीएम कार्ड से संबंधित जानकारी हासिल की। थोड़ी देर बाद ही उनके मोबाइल फोन पर खाते से 27,999 रुपये निकलने का मैसेज आया। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने बैंक से एटीएम कार्ड सेवा बंद कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया था। बताया कि उस दौरान बैंक अधिकारियों ने कहा था कि आपके पास एक कॉल आएगी, जिस पर एटीएम कार्ड को बंद करने की वजह पूछ कर आपका एटीएम बंद कर दिया जाएगा। पीड़ित ने बताया कि उनके फोन पर आई कॉल पर व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और एटीएम सेवा बंद करने का हवाला दिया था। कोतवाली मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। कहा कि लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। फोन पर किसी भी व्यक्ति को बैंक के खाते और एटीएम से संबंधित जानकारी नहीं देनी चाहिए।