गढ़वाल विवि के वार्षिकोत्सव का समापन रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। शैक्षणिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की ऑलओवर चैंपियनशिप बिड़ला परिसर के नाम रही। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि युवा उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष राजू मौर्य, एनआईटी के कुलसचिव कर्नल सुखपाल व गढ़वाल विवि के वित्त अधिकारी डा. पदमाकर मिश्र ने पुरस्कार वितरित किए।
मुख्य अतिथि राजू मौर्य ने कहा कि उत्तराखंड के छात्रों को अपनी बोली भाषाओं व परंपराओं के संरक्षण के प्रति गंभीर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं और संस्कृति ही हमारी पहचान हैं। एनआईटी के कुलसचिव कर्नल सुखपाल ने कहा कि छात्रों को कुछ कर दिखाना होगा, जिससे विश्व पटल पर श्रीनगर का नाम हो। पदमाकर मिश्र ने कहा छात्र जीवन में मेहनत करेंगे तो भविष्य में इसके बेहतर परिणाम मिलेंगे। वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में डीबीएस देहरादून द्वितीय व एसजीआरआर देहरादून तृतीय रहे। शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में बिड़ला परिसर प्रथम, कोटद्वार द्वितीय व एसआरटी टिहरी तृतीय रहे। इस मौके पर गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने वाले 41 कैडेट्स भी सम्मानित किए गए। वर्ष 2015 में साउथ कोरिया में जूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता गढ़वाल विवि की छात्रा सविता गुरुंग को 15 हजार की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अनिल बिष्ट व मीना राणा के गीतों पर झूमे छात्र
श्रीनगर। वर्षिकोत्सव समापन समारोह के बाद लोक गायक अनिल बिष्ट व मीना राणा की सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। छात्र देर शाम तक ढोल की थाप पर झूमते रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्रसंघ अध्यक्ष मनोज रावत व महासचिव कविंद्र नेगी ने छात्रों को परीक्षाओं की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पुष्पेंद्र पंवार, दर्शन दानू, संजय बिष्ट, आशीष मियां आदि मौजूद थे।