कोटद्वार। बेस अस्पताल में सोमवार सुबह मरीजों की काफी भीड़ उमड़ी। पंजीकरण व बिलिंग काउंटर के अलावा ओपीडी एवं पैथोलॉजी लैब में जांच के लिए मरीजों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कुछ मरीजों ने सीधे इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
दीपावली के बाद शुष्क मौसम के साथ सुबह व शाम तापमान कम होने और दिन में गर्मी अधिक होने से लोग वायरल और अलर्जी के शिकार हो रहे हैं। बेस अस्पताल में सोमवार सुबह से ही पंजीकरण काउंटर और विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी में मरीजों की कतार लग गई। फिजिशियन एवं अस्थि विशेषज्ञों की ओपीडी में मरीजों की खासी भीड़ रही। वहीं, पैथोलॉजी लैब में भी जांच के लिए भी काफी भीड़ होने से मरीजों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के वार्ड में भर्ती मरीजों की स्वास्थ्य जांच के लिए जाने के दौरान भी मरीजों को प्रतीक्षा में बैठना पड़ा। इस बीच कई मरीज मंगलवार सुबह आने की बात कहकर लौट गए। दिवाकर नेगी, विकास नेगी, बब्बल, इम्तियाज का कहना था कि फिजिशियन की एक ओपीडी बंद पड़ी है। फिजिशियन की एकमात्र ओपीडी खुली तो है लेकिन डेढ़ घंटे की जद्दोजहद के बाद भी फिजिशियन को अपनी स्वास्थ्य समस्या नहीं बता सके हैं।