कोटद्वार। सोमवार रात चीता पुलिस को बस अड्डे के समीप दो युवक बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। पुलिस ने दोनों युवकों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार शाम को होश में आए युवकों में से एक की पहचान द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पाली (डाडामंडी) निवासी संजीव और दूसरे की कल्जीखाल ब्लाक के पोखरीखेत पातल गांव निवासी भजन गोस्वामी के रूप में हुई है। संजीव ने बताया कि सोमवार रात वह दिल्ली से यूपी रोडवेज की बस से आ रहा था, तो बगल की सीट में बैठे एक युवक ने रास्ते में मूंगफली और बिस्कुट खाने को दिए। इसके बाद वह अचेत हो गया था। जब आंख खुली तो बीस हजार की नकदी गायब थी। दूसरे युवक भजन गोस्वामी ने बताया कि वह दिल्ली शादी की बुकिंग में गया था। बदमाश उसे अचेत कर स्टील कैमरा, वीडियो कैमरा और 2500 रुपये की नगदी ले उड़े।