कोटद्वार। भाबर के कलालघाटी बाजार में बुधवार देर रात एक युवक पर चाकू से कातिलाना हमले का मामला प्रकाश में आया है। घायल युवक के चचेरे भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कलालघाटी चौकी इंचार्ज विवेक राठी के अनुसार कलालघाटी बाजार में एक कार के खड़ी स्कूटी पर टक्कर मारने को लेकर युवकों में विवाद हो गया। इस बीच दो युवकों में से एक ने दीपक उनियाल पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोटद्वार और कलालघाटी से पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल दीपक के चचेरे भाई पंकज उनियाल ने तहरीर में लिखा कि बुधवार रात करीब नौ बजे दो युवकों ने अपनी कार से दीपक की खड़ी स्कूटी पर टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार युवकों केवल सिंह रावत और संजय रावत ने दीपक पर कातिलाना हमला बोल दिया। बताया कि उन्होंने चाकू से दीपक पर कई वार किए, जिसे लहूलुहान हालत में कोटद्वार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए और आरोपी युवकों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी। बृहस्पतिवार सुबह संजय रावत को हल्दूखाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से मेड इन साउथ अफ्रीका चाकू बरामद किया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी है। चौकी प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि संजय रावत को न्यायालय में पेश किया गया है। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेजने के आदेश दिए गए हैं।