लैंसडौन/जयहरीखाल। लैंसडौन तहसील के जयहरीखाल क्षेत्र के एक विद्यालय में इंटर की छात्रा से छेड़खानी के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह कोटद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को जिला जज के कोटद्वार कैंप कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पौड़ी जिला जेल भेज दिया गया है।
लैंसडौन के कोतवाल एमपी पूर्वाल ने बताया कि आरोपी शिक्षक अफजल महबूब खान केस दर्ज होने के बाद से मेडिकल लीव लेकर स्कूल से फरार हो गया था। उसकी तलाश में बिजनौर में उसके आवास और अन्य ठिकानों में दबिश दी गई थी। एक माह के भीतर पुलिस के पास समर्पण न करने की स्थिति में उसके आवास पर कुर्की के नोटिस भी चस्पा किए गए थे। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक नीरज त्यागी की अगुवाई में पुलिस टीम ने कोटद्वार बस अड्डे से उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसे कोटद्वार में ही जिला जज के कैंप कोर्ट में पेश किया।
उपनिरीक्षक नीरज त्यागी ने बताया कि गत 4 अक्तूबर को पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक अफजल महबूब खान के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। तहरीर में छात्रा ने घटना 19 सितंबर की बताई, जिसकी जानकारी पीड़िता की ओर से विद्यालय के प्रधानाचार्य को दी गई थी, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। आरोपी शिक्षक अफजल महबूब खान नई बस्ती बिजनौर यूपी का रहने वाला है और विद्यालय में कॉमर्स का शिक्षक है।
छात्रों ने तहसील में किया प्रदर्शन
छेड़खानी के आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई न होने से गुस्साएं पीजी
प्रधानाचार्य को भी ठहराया जिम्मेदार, इस्तीफे की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
जयहरीखाल/लैंसडौन।
यहां के एक इंटर कॉलेज की छात्रा से छेड़खानी के आरोपी शिक्षक अफजल महबूब खान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने में हो रही लेटलतीफी से गुस्साएं पीजी कॉलेज जयहरीखाल के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को लैंसडौन तहसील में प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने इस मामले में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य के तबादले की भी मांग की।
शुक्रवार को पीजी कॉलेज छात्रसंघ ने नगर से तहसील तक विरोध-प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य छात्रा से छेड़खानी के मसले पर विभागीय कार्रवाई करने के बजाय इसे छिपाते रहे। कहा कि छात्रा पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। शिक्षा के मंदिर में शिक्षक द्वारा की गई ऐसी हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। एसडीएम सोहन सिंह सैनी व कोतवाल एमसी पूर्वाल ने प्रदर्शनकारियों को आरोपी शिक्षक अफजल महबूब खान को गिरफ्तार किए जाने की सूचना दी तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुए। कहा कि इस मामले में डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी। प्रदर्शनकारियों में छात्र संघ अध्यक्ष अरविंद गुसाईं, सचिव आशीष रावत, उपाध्यक्ष शैलेंद्र देवरानी, सचिव ज्योति, कोषाध्यक्ष रवि सेमवाल, विवि प्रतिनिधि आशीेष रावत, सहसचिव यश कुमार, छात्रा प्रतिनिधि मोनिका राठौर, छात्रा सदस्य करूणा वाल्मिकी और विनय कुकसाल आदि थे।
फोटो समाचार