सतपुली। देवप्रयाग मोटर मार्ग पर सतपुली के निकट ओडलसैंण में एक पिकअप और बाइक की आमने सामने की भिड़ंत में बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं रविवार देररात को कोटद्वार-लालढांग मार्ग पर हल्दूखाता और किशनपुरी के बीच एक बाइक के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाइक सवार की मौत हो गई।
पहली घटना में थानाध्यक्ष सतपुली जितेंद्र चौहान ने बताया कि घटना सोमवार शाम करीब चार बजे सतपुली-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर ओडलसैंण के निकट पिकअप और बाइक की टक्कर में बाइक सवार अनिल नेगी (18) पुत्र कोमल सिंह, ग्राम मंगोलीगांव तहसील सतपुली जनपद पौड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकअप चालक द्वारा बाइक सवार को उपचार के लिए हंस अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटे आई हैं।
वहीं दूसरी घटना में एसआई महेश पाल ने बताया कि अंबेडकर नगर लोकमणिपुर सिगड्डी निवासी दुष्यंत उर्फ लक्की (25) पुत्र जीतेंद्र चौहान रविवार देर रात किसी काम से कोटद्वार आ रहा था। रास्ते में हल्दूखाता तिराहे से 400 मीटर आगे निरंकारी सत्संग भवन के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसे गंभीर हालत में 108 वाहन से राजकीय बेस अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दुष्यंत के शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।