कोटद्वार प्रेस क्लब की ओर से आयोजित की गई थी क्रिकेट प्रतियोगिता
कोटद्वार। कोटद्वार प्रेस क्लब की ओर से पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय सुधींद्र नेगी की स्मृति में राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में सद्भावना मैत्री मैच क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में बार एसोसिएशन ने लायंस क्लब को पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट और नगर निगम आयुक्त पीएल शाह ने संयुक्त रूप से किया। पहला मैच बार एसोसिएशन कोटद्वार एवं एलआईयू पुलिस कंबाइंड के बीच खेला गया। बार एसोसिएशन ने एलआईयू पुलिस कंबाइंड को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा मुकाबला लायंस क्लब कोटद्वार एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कोटद्वार के बीच हुआ। लायंस क्लब ने जीत दर्ज की। वहीं, पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बार एसोसिएशन कोटद्वार ने कोटद्वार प्रेस क्लब को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में बार एसोसिएशन कोटद्वार ने लायंस क्लब कोटद्वार को हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार बार एसोसिएशन टीम के राजीव पटवाल को प्रदान किया गया। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार जितेंद्र रावत और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार लायंस क्लब के हितेश को प्रदान किया गया। समापन पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया।
अजय कुमार एवं दिनेश पाल ने अंपायरिंग की। गढ़वाल राइफल के कोच अरुण नेगी, पूर्व पार्षद अमित नेगी, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय खंतवाल, सचिव दिनेश गुसाईं, सुभाष नौटियाल, दीपक सुयाल, अरविंद दुतपुड़ी, चंद्रेश आदि उपस्थित रहे।