गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर में बीए व बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए आयोजित काउंसिलिंग के दो चरण पूरे हो चुके हैं। बीएसी प्रथम सेमेस्टर के लिए मंगलवार तक 312 व बीए प्रथम सेमेस्टर के लिए 591 छात्रों ने पंजीकरण कराया।
बीएससी प्रवेश समिति के संयोजक डा. दीपक भंडारी ने बताया कि सोमवार तक बीएससी प्रथम सेमेस्टर में 781 छात्रों ने पंजीकरण किया, जिसमें से बायोग्रुप के लिए 443 व गणित ग्रुप के लिए 338 छात्रों ने काउंसिलिंग कराई है।
डा. भंडारी ने बताया कि बायोग्रुप में कैमिस्ट्री के लिए 65.6 व गणित ग्रुप में 66.8 प्रतिशत कट ऑफ मेरिट रखी गई है। बीएससी प्रथम सेेमेस्टर में कुल 1295 सीटें हैं। वहीं बीए प्रथम सेमेस्टर प्रवेश कमेटी के संयोजक डा. दीपक कुमार ने बताया कि मंगलवार तक कुल 591 छात्रों ने पंजीकरण कराया है।
स्नातक स्तर पर भूगोल विषय छात्रों का सबसे पसंदीदा विषय बना हुआ है। अब तक करीब 250 छात्रों ने भूगोल विषय को चयनित किया है। दूसरे स्थान पर राजनीति विज्ञान 230 प्रवेश हुए। अंग्रेजी विषय के लिए भी मात्र 90 छात्रों ने रुचि दिखाई है, जबकि दर्शन शास्त्र, मनोविज्ञान, आर्कियोलॉजी सैन्य विज्ञान, मानव विज्ञान जैसे कई विषयों में छात्र संख्या अभी दहाई का अंक भी पार नहीं कर पाई है।