कोटद्वार। शनिवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होते ही एक-एक कर वार्ड वार पार्षदों के परिणाम निकलने शुरू हो गए। सबसे पहले वार्ड-13 से रिजवाना और वार्ड-14 से रीता देवी की जीत की घोषणा हुई। इसके बाद अलग-अलग चक्रों में वोटों की गिनती के बाद जैसे-जैसे पार्षदों के चुनाव परिणामों की घोषणा होती गईं, निर्वाचित पार्षदों के समर्थक शहर में विजय जुलूस लेकर पहुंचते गए। फूल मालाओं, गजरों, और तो और नोटों से गूंथे हार की बाजार में खासी बिक्री हुई। शनिवार को दिनभर जुलूसों का सिलसिला चला। विजय जुलूसों में होली-दिवाली की छटा एक साथ नजर आई। यानी कहीं गुलाल उड़ाया जा रहा था, तो कहीं आतिशबाजी कर खुशी जताई थी। हर कोई ढोल की थाप नाचते हुए खुशी जताई। थोड़ी-थोड़ी देर के बाद किसी न किसी निर्वाचित पार्षद का विजय जुलूस शहर की सड़कों से होकर गुजरा। पार्षदों के अपने परिचितों और समर्थकों से मिलने पहुंचने और विजय जुलूस में कई लोगों के शामिल होने से शहर में रुक-रुककर जाम भी लगा।